चंडीगढ़ | भीषण गर्मी से जूझ रहे पंजाबवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, राज्य में मानसून ने दस्तक दे दी है। आगामी दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं, बिजली चमकने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि 30 जून तक कई जिलों में मानसूनी बारिश का व्यापक असर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, गुरदासपुर, अमृतसर, लुधियाना, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है।
इस बीच लुधियाना जिले में मानसून की पहली ही बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। विभाग के मुताबिक, 2019 के बाद पहली बार जून महीने में एक ही दिन में इतनी बारिश दर्ज की गई है। यहां मात्र तीन घंटे में 71.6 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो गई।