चंडीगढ़ | पंजाब में बुधवार सुबह लोगों के मोबाइल फोन पर मौसम से जुड़ी चेतावनी संदेश और कॉल्स ने सबका ध्यान खींचा। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) ने राज्य के कई जिलों में खराब मौसम की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति में स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी या 112 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
NDMA द्वारा भेजे गए अलर्ट के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक एस.ए.एस. नगर, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला और तरनतारन जिलों में तेज़ आंधी और बारिश की संभावना है। विभाग ने इन जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही 25 से 30 जून तक पंजाब में भारी बारिश और तूफान की भविष्यवाणी की थी। आज मौसम विभाग ने पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और एस.ए.एस. नगर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जिलों के लिए येलो अलर्ट लागू किया गया है। अन्य जिलों में भी बारिश की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और मौसम से जुड़ी अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।