नई दिल्ली | ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे सैन्य टकराव के बीच मिली युद्धविराम की घोषणा के बाद भारत सरकार ने ईरान से नागरिकों की वापसी के लिए शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंधु’ को धीरे-धीरे समाप्त करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने नागरिकों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को बंद कर दिया और निकासी अभियान को चरणबद्ध ढंग से रोकने की घोषणा की।
हालात पर पूरी नजर, जरूरत पड़ने पर फिर होगी रणनीति तैयार
भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत सरकार क्षेत्र की परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। यदि किसी अप्रत्याशित स्थिति का सामना करना पड़ा तो तत्काल नई रणनीति बनाई जाएगी।
ऑपरेशन सिंधु: अब तक 3,170 भारतीयों की सुरक्षित वापसी
निकासी अभियान के तहत सोमवार आधी रात 12:01 बजे, मशहद से एक विशेष फ्लाइट 282 भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंची। इसके साथ ही कुल निकाले गए लोगों की संख्या 2,858 हो गई थी। मंगलवार को 1,100 से अधिक और नागरिकों की सुरक्षित वापसी के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 3,170 तक पहुंच गया है।
मशहद में रहने वालों के लिए खास निर्देश
दूतावास ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से फिलहाल जहां हैं वहीं रुकने की अपील की है। विशेष तौर पर मशहद में मौजूद भारतीयों से कहा गया है कि वे सद्र होटल में शिफ्ट हो जाएं, क्योंकि ऑपरेशन के तहत अन्य होटलों के कमरे अब खाली कराए जा रहे हैं। होटल सद्र में 26 जून की रात तक अतिरिक्त दो रातों के लिए कमरे आरक्षित किए गए हैं ताकि नागरिकों को स्थिरता मिलने तक रुकने का अवसर मिल सके।
मदद और संपर्क की सुविधा बनी रहेगी जारी
भारतीय दूतावास ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर नागरिक 24×7 हेल्पलाइन नंबर या टेलीग्राम चैनल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। ये सेवाएं अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहेंगी।