नाभा | नाभा जेल में बंद आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक रमन अरोड़ा के समधी राजू मदान को लेकर विजिलेंस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रमन अरोड़ा के विधायक बनने के बाद राजू मदान के कारोबार में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई है।
बस्ती गुजां स्थित ‘मदान कार्ड्स’ नामक फर्म को राजू मदान संचालित करते हैं। जांच में पाया गया है कि 2021-22 में जहां इस फर्म का सालाना टर्नओवर 2.62 करोड़ रुपये था, वहीं 2022-23 में यह दोगुना बढ़कर 5.87 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसके बाद 2023-24 में टर्नओवर 8.96 करोड़ और 2024-25 में 10.15 करोड़ रुपये पार कर गया।
राजू मदान के दोनों बेटे, गौरव और कर्ण, भी अब विजिलेंस के रडार पर आ चुके हैं और उनसे जुड़े आर्थिक लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।
इसके अलावा, विधायक रमन अरोड़ा के एक अन्य रिश्तेदार—जगदंबे फैशन हाउस के मालिक—के कारोबार में भी अचानक बीस गुना तक वृद्धि देखी गई है। विजिलेंस को बैंक स्टेटमेंट से पता चला है कि सूरत की एक कंपनी के साथ लाखों रुपये के लेन-देन किए गए हैं। इस लेन-देन और कारोबारी गतिविधियों को लेकर विजिलेंस के पास कई ठोस सबूत मौजूद हैं, जो पूरे मामले को गंभीर बना रहे हैं।
जांच एजेंसी अब इन सभी मामलों की परत-दर-परत जांच कर रही है, और जल्द ही इस मामले में बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।