उत्तराखंड | उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनज़र प्रशासन ने चारधाम यात्रा को अगले 24 घंटों के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया है। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। राज्य के कई जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते ऋषिकेश पहुंचे तीर्थयात्रियों को आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है।
गढ़वाल कमिश्नर ने बताया कि मौसम और मार्गों की स्थिति की समीक्षा के बाद ही यात्रा फिर से शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थलों की ओर न जाएं।
आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट पर
प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी कि राहत एवं बचाव टीमें तैनात कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ जाने वाले यात्रियों को मौसम अपडेट लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।
भूस्खलन से कई मार्ग बंद
लगातार हो रही बारिश के चलते अनेक मार्गों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि गैर-ज़रूरी यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रुक कर मौसम साफ होने का इंतजार करें।