लुधियाना | शहरवासियों के लिए पासपोर्ट से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय चंडीगढ़ ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर बताया है कि लुधियाना पासपोर्ट सेवा केंद्र का वर्तमान स्थान बदल दिया गया है। अब यह केंद्र 7 जुलाई से ग्लोबल बिजनेस पार्क, गांव भोरा, जी.टी. रोड के नजदीक संचालित होगा।
अभी तक यह सेवा केंद्र आकाशदीप कॉम्प्लेक्स, ज्ञान सिंह राड़ेवाला मार्केट में काम कर रहा था, लेकिन सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा नागरिकों को ज्यादा सुलभ सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से इसका स्थान बदला गया है। नए केंद्र की लोकेशन जालंधर बाईपास के करीब होने के कारण लोगों को वहां पहुंचने में अधिक सहूलियत मिलेगी।
7 जुलाई के बाद सभी पासपोर्ट सेवाएं नए पते पर
नोटिस में साफ किया गया है कि 7 जुलाई 2025 से सभी पासपोर्ट संबंधी सेवाएं जैसे आवेदन, नवीनीकरण और दस्तावेज सत्यापन केवल नए पते पर ही उपलब्ध होंगी। लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी प्रकार की पासपोर्ट प्रक्रिया के लिए नए स्थान पर ही संपर्क करें।
यह बदलाव क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी की ओर से अधिकृत नोटिस के माध्यम से घोषित किया गया है। इस फैसले को नागरिकों द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, क्योंकि नए केंद्र में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं की उम्मीद जताई जा रही है।