नई दिल्ली | दिल्ली से लंदन के लिए उड़ान भर रही वर्जिन अटलांटिक की फ्लाइट VS301 को एक तकनीकी गड़बड़ी के चलते अचानक तुर्की के इस्तांबुल एयरपोर्ट पर आपातकालीन रूप से लैंड कराना पड़ा। एयरलाइन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फ्लाइट में माइनर टेक्निकल इशू सामने आने के बाद यह कदम सुरक्षा के मद्देनज़र एहतियातन उठाया गया।
घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार, 12 घंटे बाद रवाना हुई दूसरी फ्लाइट
फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों को इस्तांबुल एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा। एयरलाइन ने वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की, जो स्थानीय समय के अनुसार रात 10:55 बजे लंदन के लिए रवाना हुई और रात 12:15 पर लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट पर पहुंची।
एयरलाइन ने दी जरूरी सहायता और माफी मांगी
वर्जिन अटलांटिक ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमें खेद है कि उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही फ्लाइट को इस्तांबुल डायवर्ट किया गया।”
एयरलाइन ने यह भी बताया कि इस दौरान यात्रियों को एयरपोर्ट पर रिफ्रेशमेंट और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा, जिन यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट थी, उन्हें रीबुकिंग की सुविधा भी दी गई। यदि किसी यात्री को अतिरिक्त खर्च हुआ है, तो वे उसकी रसीद वेबसाइट के ज़रिए सबमिट कर रिफंड क्लेम कर सकते हैं।
सभी यात्री सुरक्षित, कोई हताहत नहीं
गनीमत रही कि इस पूरी घटना में कोई घायल नहीं हुआ। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में इस प्रकार की असुविधा को रोकने के लिए आवश्यक सुधार किए जाएंगे।