Mandi, dharamveer-चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे मंडी के पास चार मील क्षेत्र में भूस्खलन के चलते बीते 21 घंटों से पूरी तरह बंद पड़ा है। कल दोपहर 2 बजे हुए लैंडस्लाइड के बाद से लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण मलबा नहीं हटाया जा सका, जिससे हजारों यात्री और पर्यटक रास्ते में ही फंसे हुए हैं।
बीती रात लोगों को हाईवे पर ही गाड़ियों में या खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ी। सब्जियों से लदे ट्रक चालकों को माल खराब होने की चिंता सता रही है। चालकों अर्जित कालाख, गुरमीत सिंह और जयदीप ने प्रशासन से जल्द मार्ग बहाल करने की अपील की है।मनाली एडवेंचर कैंप जा रहे एनसीसी कैडेट रजनीश शुक्ला ने बताया कि उन्हें कल ही कैंप में रिपोर्ट करना था, लेकिन हाईवे बंद होने के चलते पूरी टीम रास्ते में अटक गई है।
पर्यटक अरमान संधू ने भी रास्ता खुलने की प्रतीक्षा में पूरी रात हाईवे पर गुजारी।भूस्खलन के समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी योगराज ने समय रहते ट्रैफिक को रोक कर बड़ा हादसा टाल दिया। उनकी तत्परता से कोई जनहानि नहीं हुई।सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देश राज स्वयं मौके पर पहुंचे, लेकिन लगातार पत्थर गिरने के कारण मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं हो सका।आज सुबह केएमसी कंपनी की मशीनरी ने मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि आगामी दो से तीन घंटे में हाईवे यातायात के लिए आंशिक रूप से बहाल हो जाएगा।