हिसार | हरियाणा के हिसार में दलित नाबालिग गणेश वाल्मीकि की संदिग्ध मौत और परिवार के साथ हुई कथित बर्बरता को लेकर देश की सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर बीजेपी और आरएसएस पर सीधा हमला बोला है।
राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर तीखा बयान देते हुए कहा,
“यह सिर्फ एक अपराध नहीं, BJP-RSS की मनुवादी सोच का घिनौना चेहरा है, जो बहुजनों के जीवन को सस्ता समझता है और उन्हें बराबरी का हकदार नहीं मानता।”
गणेश के परिवार का आरोप है कि युवक की हत्या पुलिस की हिरासत में हुई, लेकिन 9 दिन बीत जाने के बावजूद कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। पीड़ित परिवार जब इंसाफ की मांग करने निकला, तो उन्हें ही प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
राहुल ने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है।
“पिछले 11 सालों में दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के मामले बेलगाम तरीके से बढ़े हैं। सत्ता में बैठी बीजेपी ने भेदभाव को हिंसा की ढाल बना दिया है, और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर दिया है।”
राहुल गांधी ने सीधे तौर पर मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा,
“मोदी राज में दलित होना, गरीब होना जैसे अपराध बन गया है। यह केवल गणेश की नहीं, संविधान और बाबा साहब अंबेडकर के सपनों की भी हत्या है।”
उन्होंने पीड़ित परिवार को पूरा समर्थन देते हुए कहा कि यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, सामाजिक न्याय और भारत की आत्मा की लड़ाई है। राहुल ने दोषियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की।