चंडीगढ़ | पंजाब में एक बार फिर मानसून और पश्चिमी विक्षोभ ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश की चेतावनी दी है। आज (17 जुलाई) को भी कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी की संभावना जताई गई है।
सुबह से ही राज्य के अधिकतर इलाकों में बादल छाए हुए हैं और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में करीब 1.4 डिग्री की गिरावट देखी गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
22 जुलाई तक जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला
विभाग के अनुसार 17, 21 और 22 जुलाई को कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। अगर बारिश जारी रहती है तो इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल राज्य में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।