चंडीगढ़ | पंजाब में नशा मुक्ति की आड़ में चल रहे काले कारोबार पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़, लुधियाना और बरनाला समेत कई शहरों में छापेमारी की है। यह कार्रवाई नशा मुक्ति केंद्रों में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले से जुड़ी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, यह रेड डॉ. अमित बंसल के खिलाफ दर्ज FIR के आधार पर की गई है, जो अकेले पंजाब में 22 निजी नशा मुक्ति केंद्र चला रहे हैं। इन केंद्रों पर नशीली दवाएं अवैध रूप से वितरित किए जाने और पैसों के लेनदेन में भारी गड़बड़ी की बात सामने आई है।
ईडी की यह छापेमारी सिर्फ पंजाब तक सीमित नहीं रही, बल्कि मुंबई में भी एजेंसी की टीमें एक साथ कार्रवाई कर रही हैं। शुरुआती जांच में कई अहम दस्तावेज, डिजिटल डाटा और लेन-देन के सबूत जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई ने राज्य के नशा उन्मूलन ढांचे पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं – क्या वाकई इलाज हो रहा था या परदे के पीछे चल रहा था करोड़ों का नशा रैकेट?