नई दिल्ली | ब्रिटेन दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मालदीव पहुंचे, जहां राजधानी माले एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। सबसे खास बात यह रही कि खुद मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पीएम मोदी को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे और गले मिलकर गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके साथ मालदीव के कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी इस दौरे में मालदीव के स्वतंत्रता दिवस की 60वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुइज्जू के बीच व्यापार, समुद्री सुरक्षा, पर्यटन और कनेक्टिविटी जैसे कई अहम विषयों पर बातचीत हो सकती है।
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत और मालदीव के संबंधों में कई भू-राजनीतिक पहलुओं को लेकर उतार-चढ़ाव देखे गए हैं। ऐसे में मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली और सहयोग की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।