कुरुक्षेत्र | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मंगलवार को कुरुक्षेत्र के पिहोवा उपमंडल स्थित संगमेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम सैनी ने बताया कि वे समय मिलने पर अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते रहते हैं। आज लाडवा क्षेत्र के आठ गांवों — डंगाली, डीग, बीड़ कालवा, धनानी, गुढ़ी, जोगी माजरा, बकाली और निवारसी — का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत 11वीं से दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। “मोदी जी ने जो कहा, वह करके दिखाया। आज भारत का नाम वैश्विक स्तर पर ऊंचा हुआ है,” सीएम सैनी ने कहा।
वहीं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि “इस ऑपरेशन की सच्चाई देश के सामने है। विपक्ष की मानसिकता नकारात्मकता से भरी है, जबकि देश मोदी जी को सच्चे दिल से चाहता है।”