कुलगाम | दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच चल रही मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया गया है। सेना की चिनार कोर के अनुसार, यह ऑपरेशन शुक्रवार शाम से ही जंगलों में जारी है, जहां आतंकियों के एक समूह के छिपे होने की सूचना थी।
सेना ने बताया कि रातभर रुक-रुक कर भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें जवानों ने संयम और रणनीति से जवाब दिया। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी मजबूत की और अब तक एक आतंकी को ढेर कर दिया गया है। अभी भी तलाशी अभियान और मुठभेड़ जारी है।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, कुलगाम के अखल क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की।
गौरतलब है कि इस सप्ताह जम्मू-कश्मीर में यह तीसरी मुठभेड़ है। इससे पहले की दो कार्रवाइयों में कुल छह आतंकवादी मारे जा चुके हैं, जिनमें पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन दहशतगर्द भी शामिल थे।
सुरक्षा एजेंसियों की ओर से क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है और ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक इलाके को पूरी तरह सुरक्षित नहीं घोषित कर दिया जाता।