Dharamshala, 3 August
धर्मशाला से विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने अपना जन्मदिन इस बार सेवा और संवेदना के साथ मनाया। शनिवार को वे थुनाग पहुँचे, जहाँ उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों को लगभग 21 लाख रुपये की राहत राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक प्रकाश राणा और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। सभी ने श्री शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और उनकी पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में सुधीर शर्मा ने आपदा में अपने माता-पिता को खो चुकी निकिता की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही उन्होंने निकिता के नाम एक लाख रुपये की एफडी भी भेंट की।गौरतलब है कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के मद्देनज़र श्री शर्मा ने अपना जन्मदिन आपदा पीड़ितों की मदद को समर्पित करने का निर्णय लिया था। शुक्रवार को वे धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 108 प्रभावित परिवारों को करीब 58 लाख रुपये की सहायता राशि घर निर्माण व मरम्मत के लिए प्रदान कर चुके हैं। थुनाग और सराज में उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदनाएँ व्यक्त कीं और आश्वासन दिया कि वे आगे भी हरसंभव सहयोग करते रहेंगे।
सुधीर शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने पूरे प्रदेश को प्रभावित किया है और ऐसे समय में सभी को एकजुट होकर राहत कार्यों में योगदान देना चाहिए। उन्होंने समाज के अन्य दानी व्यक्तियों से भी आगे आकर मदद का आह्वान किया।