चंडीगढ़, 6 अगस्त
स्मार्ट सिटी स्वच्छता सर्वेक्षण में द्वितीय स्थान मिलने से प्रेरित होकर चंडीगढ़ नगर निगम ने शहरभर में 10 दिवसीय ‘स्वच्छ और ग्रीन पार्क जागरूकता ड्राइव’ शुरू की है। इसका उद्घाटन सेक्टर 42 की नई लेक से नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी और संयुक्त आयुक्त हिमांशु गुप्ता द्वारा किया गया।
इस अभियान में डॉन बोस्को नवजीवन सोसाइटी और ओंकार चैरिटेबल फाउंडेशन सहयोगी संस्था के रूप में भाग ले रही हैं। अभियान के दौरान विशेष रूप से बच्चों की भागीदारी सराहनीय रही।आयुक्त अमित कुमार ने “10×10=100” का मंत्र साझा करते हुए नागरिकों से प्रतिदिन 10 मिनट सफाई में देने, 10 लोगों को जागरूक करने और 100 मीटर के दायरे में स्वच्छता फैलाने की अपील की।इस ड्राइव का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी से स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता और व्यवहार में बदलाव लाना है।ड्राइव के ओवरऑल इंचार्ज संयुक्त आयुक्त हिमांशु गुप्ता होंगे, और निगम के विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी तय की गई है ताकि अभियान पूरी तरह सफल हो।