8 August, 2025
लगभग तीन साल पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली एक बार फिर क्रिकेट प्रशासन में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी कर रहे हैं। खबर है कि गांगुली बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के आगामी चुनावों में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
52 वर्षीय गांगुली 2014 में CAB के सचिव के रूप में क्रिकेट प्रशासन में उतरे थे और 2015 में अध्यक्ष बने थे। 2019 में उन्होंने BCCI अध्यक्ष का पद संभाला, लेकिन एक कार्यकाल के बाद उनकी जगह 1983 विश्व कप विजेता रोजर बिन्नी ने ली। अब बिन्नी का कार्यकाल भी समाप्ति की ओर है, क्योंकि वे 70 वर्ष के हो चुके हैं।
CAB से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सौरव गांगुली प्रशासन में वापसी को लेकर गंभीर हैं। उनके पास BCCI के संविधान के अनुसार राज्य संघ में पांच वर्ष तक कार्य करने का अवसर अभी शेष है। यह तय होना बाकी है कि उनका चुनाव निर्विरोध होगा या मतदान के माध्यम से।वर्तमान अध्यक्ष और सौरव गांगुली के बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली छह साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, और संविधान के अनुसार अब उन्हें अनिवार्य अवकाश लेना होगा। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए सौरव गांगुली की वापसी लगभग तय मानी जा रही है।