चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के मिशन पर तेजी से काम कर रही है। ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत इस वित्तीय वर्ष में 25 हजार से ज्यादा महिलाओं को जोड़ा जा रहा है, जबकि अब तक 1 लाख 6 हजार से अधिक महिलाएं इस योजना के तहत लखपति बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि ‘मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना’ के तहत विशेष शिविर लगाकर महिलाओं को स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण दिलाया जाए, ताकि वे खुद का काम शुरू कर सकें। इसी के साथ, ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना में पात्र परिवारों को मात्र 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का काम भी तेज किया जाएगा। अब तक करीब 18 लाख परिवार इस योजना का लाभ ले चुके हैं।
महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार हर जिले में महिला छात्रावास बनाने की योजना पर काम कर रही है। पहले चरण में पंचकूला, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोनीपत में आधुनिक छात्रावासों का निर्माण जारी है, जिनमें सौर ऊर्जा और वातानुकूलित सुविधा होगी। आगे मानेसर और पानीपत जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में भी ऐसे छात्रावास बनाए जाएंगे।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने 2025-26 में 2000 आंगनबाड़ियों को ‘सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र’ में अपग्रेड करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों और महिलाओं को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।