दसूहा | गांव सग्गला के ट्रैवल एजेंट सिमरनदीप सिंह पर 40 लाख 10 हजार रुपए की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। वह दो लोगों को इंग्लैंड भेजने का झांसा देकर उनसे भारी रकम लेकर गायब हो गया।
थाना दसूहा के मुताबिक, जंडौर के सहजप्रीत सिंह ने सिमरनदीप को इंग्लैंड भेजने के लिए 19 लाख 70 हजार रुपए और बाद में 4 लाख 40 हजार रुपए, कुल 24 लाख 10 हजार रुपए दिए थे। वहीं, केहरवाली के अमनप्रीत सिंह ने एक बार 9 लाख और दूसरी बार 7 लाख रुपए, कुल 16 लाख रुपए ट्रैवल एजेंट को दिए।
लेकिन सिमरनदीप ने न तो दोनों को इंग्लैंड भेजा और न ही पैसे वापस किए। दोनों शिकारों ने एसएसपी होशियारपुर को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच कर दसूहा थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब सिमरनदीप की तलाश में जुटी है और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।