केन्या | केन्या के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें अंतिम संस्कार से लौट रहे 21 लोगों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना पश्चिमी शहर काकमेगा और किसुमु शहर के बीच काकमेगा-किसुमु हाईवे पर मंबोलेओ राउंडअबाउट के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक, बस न्याहेरा में स्व. रिस्पर अकेयो ओगेन्डो के अंतिम संस्कार में शामिल लोगों को लेकर वापस न्याकाच जा रही थी। रास्ते में तेज रफ्तार के कारण गोल चक्कर के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। बस सड़क से उतरकर खाई में जा गिरी और पलट गई।
न्यान्जा प्रांत के क्षेत्रीय यातायात प्रवर्तन अधिकारी पीटर मायना ने बताया कि मृतकों में 10 पुरुष, 10 महिलाएं और एक 10 वर्षीय बच्ची शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस बचाव कार्य में जुट गए, घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पांच घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और वाहन की गति भी सामान्य से अधिक थी। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को मुख्य कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के इलाज के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने की घोषणा की है।
यह हादसा केन्या में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है, क्योंकि हाल के वर्षों में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।