बमियाल | पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने सरहदी इलाके बमियाल में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है। ब्यास नदी के साथ-साथ जालालिया नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सोमवार सुबह से ही इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 7 बजे पानी का स्तर खतरनाक रूप से ऊंचा हो गया और देखते ही देखते खेतों, घरों और सड़कों पर पानी भर गया।
नदी किनारे की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं, जबकि गांव अनियाल के कुछ हिस्सों में पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया। मनवाल और मंगवाल मोड़ के पास बने कई घर, एक पोल्ट्री फार्म, किसानों की मोटरें और गुज्जर परिवारों के मकान भी पानी की चपेट में आ गए। एक स्थानीय निवासी के मुताबिक, पानी इतनी तेजी से घर में घुसा कि कीमती सामान, राशन और पशुओं का चारा तक बचाने का मौका नहीं मिला।
दतियाल से बमियाल होते हुए फतेहपुर जाने वाली मुख्य सड़क भी जलमग्न हो गई है, जिससे आवागमन ठप है। मंगवाल मोड़ स्थित पुलिस चौकी भी पानी से घिर चुकी है। स्थानीय लोग प्रशासन से राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि जालालिया नदी में उफान से हर बार इस क्षेत्र में जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।