गुड़गांव | सोहना सेक्टर-36 की पॉश सिग्नेचर ग्लोबल पार्क सोसाइटी में एक व्यक्ति ने सिक्योरिटी गार्ड से झगड़ा कर उस पर पिस्तौल तान दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। यह पूरी घटना सोसाइटी के मुख्य गेट पर हुई, जहां गार्ड ने व्यक्ति को सोसाइटी के नियमों का पालन करने को कहा था। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पिकअप वाहन से आए इस व्यक्ति ने गार्ड से बहस करते हुए उसे धमकी दी।
हिम्मत दिखाते हुए सिक्योरिटी गार्ड ने डरने के बजाय उस व्यक्ति को नियमों का पालन करने की नसीहत दी। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने जिस पिस्तौल का दिखावा किया था, वह असल में एक टॉय गन है। पुलिस उत्तराखंड नंबर वाली उस पिकअप की तलाश कर रही है, जिसमें आरोपी सवार था। फिलहाल मामले में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन जांच जारी है।