बठिंडा | बठिंडा के भुच्चो मंडी काहन सिंह वाला फाटक के पास सड़क पर पवित्र ग्रंथ राम चरित मानस के पन्ने बिखरे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी ने जानबूझकर ग्रंथ फाड़ा या फिर गलती से इसे फेंक दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बठिंडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सड़क से गुजर रहे एक मोटरसाइकिल सवार ने ग्रंथ के पन्ने उठाकर इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिससे मामला और वायरल हो गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे और पवित्र ग्रंथ की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि यह सत्य में बेअदबी का मामला है या कोई आकस्मिक घटना। दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पन्ने किसने फेंके।
स्थानीय लोगों में रोष है और वे इस मामले को लेकर पुलिस से जल्द निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में जिम्मेदारों को जल्द पकड़ने के लिए सभी सबूतों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है और लोगों की संवेदनाओं को भड़का रही है। पुलिस ने इलाके में शांति बनाए रखने की अपील भी की है।