कुरुक्षेत्र | धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार रात कुबेर कॉलोनी में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खौफनाक टकराव हो गया, जिसमें तलवारें तक चल पड़ीं। इस हमले में मां-बेटे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार और दो बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए।
घायल राहुल के अनुसार, हमलावर हर्ष उसका पुराना दोस्त था। छह महीने पहले हुई कहासुनी थाने तक पहुंची थी और पंचायत में मामला सुलझा भी लिया गया था। लेकिन रंजिश की चिंगारी बुधवार रात बड़े टकराव में बदल गई। राहुल का आरोप है कि हर्ष 10–15 साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और पहले चारपाई में टक्कर मार दी, फिर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
शोर सुनकर जब राहुल नीचे आया तो उस पर तलवारों से हमला कर दिया गया। बचाव में राहुल ने भी ईंटें उठाकर पलटवार किया। इस भिड़ंत में हर्ष और उसकी मां अंजली भी घायल हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।