नारनौल | नारनौल के गांव नूनी कलां के राजकीय प्राथमिक स्कूल में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। छुट्टी के बाद स्कूल स्टाफ ताले लगाकर घर चला गया, लेकिन पहली कक्षा का 6 वर्षीय छात्र कमल स्कूल के कमरे में ही बंद रह गया।
दरअसल, दोपहर में छुट्टी के समय कमल डेस्क पर सो गया था। साथी बच्चे उसे वहीं छोड़कर चले गए और सफाई कर्मचारी ने भी गेट बंद कर दिया। जब बच्चा जागा तो वह रोने और चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। एक ग्रामीण दीवार फांदकर अंदर गया और बच्चे को खिड़की तक बुलाकर पानी पिलाया। इसके बाद उसने पुलिस और सरपंच को सूचना दी।
पुलिस की मौजूदगी में गेट खोला गया और बच्चे को बाहर निकाला गया। परिजनों ने स्कूल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं, ग्रामीणों के दबाव में स्कूल स्टाफ ने माफी मांगी और आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी।
हेड मास्टर सोमदत्त ने स्वीकार किया कि छुट्टी के समय बच्चा नींद में था, जिसके कारण यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि छात्र पूरी तरह सुरक्षित है। पंचायत में भी स्कूल स्टाफ को चेतावनी दी गई है।