हिसार | पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की न्यायिक हिरासत को कोर्ट ने 10 सितंबर तक बढ़ा दिया है। ज्योति को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के समक्ष पेश किया गया।
25 अगस्त को हुई पिछली सुनवाई में हिरासत को 2 सितंबर तक बढ़ाया गया था। हिसार की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा, जो ‘ट्रैवल विद जो’ नामक यूट्यूब चैनल चलाती हैं, को 16 मई को गिरफ्तार किया गया था।
ज्योति के वकील कुमार मुकेश ने बताया कि पुलिस ने अदालत में अर्जी दी थी कि चार्जशीट का एक हिस्सा गोपनीय और संवेदनशील है, इसलिए उसे ज्योति को नहीं दिया जाना चाहिए। पुलिस ने इस मामले में 2,500 पेज की चार्जशीट दाखिल की है।
ज्योति के वकील ने डिफॉल्ट जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसमें दावा किया गया कि पुलिस ने 90 दिनों के भीतर पूरी चार्जशीट नहीं पेश की और जांच अभी पूरी नहीं हुई है। ज्योति को न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया था। उन पर ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज है।
9 जून को उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। पुलिस ने तब कहा था कि मामले की जांच जारी है और जमानत नहीं दी जा सकती।