Hamirpur, Arvind
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सीएम ने बैरी, चौरी और चबूतरा क्षेत्र में पीड़ितों से मुलाकात की तथा जिला प्रशासन को तुरंत राहत सामग्री और ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने घोषणा की कि जिन परिवारों के घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं, उन्हें सरकार की ओर से 8.75 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी हर संभव मदद की जाएगी।
कांग्रेस के निवर्तमान जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा पूरी तरह सफल रहा और उन्होंने प्रभावितों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ प्रशासन को भी सख्त दिशा-निर्देश दिए।इसी दौरान भारती ने भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता राजिंदर राणा और विधायक आशीष शर्मा पर राजनीतिक हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता व उनके परिवार सर्वकल्याणकारी संस्था के नाम पर राजनीति कर रहे हैं और सुजानपुर के एक कार्यक्रम में संस्था की आड़ लेकर केवल सरकार व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा गया।आशीष शर्मा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विधायक केवल अपने परिवार की बात करते हैं और शिमला में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को कभी गंभीरता से नहीं उठाते।