Ambala, 14 September
अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की टीम ने नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक तस्कर को दबोचा जिसके पास से 6 किलो से ज्यादा गांजा बरामद हुआ। पकड़ा गया आरोपी बिहार का रहने वाला है और इसे मोहाली में सप्लाई करना चाहता था, लेकिन रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वहीं आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चंडीगढ़ से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
हरियाणा पुलिस लगातार नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इसी कड़ी में अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी टीम ने रूटीन चेकिंग के दौरान एक युवक को रोका और उसके बैग की तलाशी ली। बैग से 6 किलो से ज्यादा गांजा बरामद हुआ। थाना जीआरपी इंचार्ज हरीश कुमार ने बताया कि यह आरोपी बिहार का रहने वाला है और पूछताछ में उसने अपना नाम दिवाकर बताया। आरोपी ने कबूला कि वह बिहार से गांजा लाकर मोहाली में सप्लाई करने वाला था। हरीश कुमार ने कहा कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चंडीगढ़ से उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नशे के नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश की जा रही है।