चंडीगढ़ | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। विज ने कहा कि “दुनिया हमेशा सच्चाई के पीछे जाती है, और हमारे शास्त्र और ऋषियों ने भी यही संदेश दिया है। झूठ के पीछे जाने की किसी ने कभी सलाह नहीं दी, जबकि राहुल गांधी झूठ, नफरत और नकारात्मकता फैलाने का काम कर रहे हैं।”
मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कि राहुल गांधी ने देश के युवाओं (जनरेशन-जी) से वोट चोरी के मामलों में सामने आने की अपील की थी, विज ने कहा कि राहुल अपनी बात सरल शब्दों में भी कह सकते थे, लेकिन वह अक्सर हाइड्रोजन बम या एटम बम जैसी संदिग्ध बातें करते हैं। विज ने कहा, “मैंने पहले कभी नहीं देखा कि कोई राजनेता अपने ही देश में हाइड्रोजन या एटम बम फेंकने की बात करे।”
इसके अलावा, आगामी 1 अक्टूबर से लागू होने वाले ऑनलाइन गेमिंग नियमों पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि यह कदम बेहद सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन गेमिंग ने कई परिवारों को बर्बाद किया है और करोड़ों रुपये लूटे गए हैं। अब सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि यह धन कहां खर्च हो रहा है और कंपनियां इसे किस प्रकार इस्तेमाल कर रही हैं। विज ने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल देश के युवाओं को बचाने के लिए बहुत ही सराहनीय कदम है।