फाजिल्का | पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने राज्य में आई बाढ़ को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि हिमाचल और अन्य राज्यों के बांधों का पानी आने से पंजाब में तबाही बढ़ती है, और राज्य सरकार राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तरह जुटी हुई है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि बाढ़ के बाद महामारी फैलने का खतरा रहता है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमें गांव-गांव जाकर लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचा रही हैं। आशा वर्कर्स भी घर-घर जाकर लोगों की देखभाल कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सभी तरह की मेडिकल इमरजेंसी के इलाज मुफ्त किए जा रहे हैं।
विशेष रूप से इस साल डेंगू के मामले 2023 की तुलना में कम हैं और डायरिया भी नियंत्रण में है। इसके अलावा चिकनगुनिया और सांप काटने के मामलों में 90 प्रतिशत की कमी आई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रावधान में एनजीओ भी सहयोग कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने राहत कार्यों के लिए ‘मिशन चढ़दी कला’ शुरू किया है और पंजाबियों एवं एनआरआई समुदाय से अपील की है कि वे बाढ़ प्रभावितों की मदद करें। डॉ. बलबीर सिंह ने यह भी कहा कि केंद्र और अन्य राज्यों से कहा जाएगा कि वे अपने पानी का प्रबंधन सुनिश्चित करें ताकि भविष्य में पंजाब में ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो।