जींद । जेजेपी सुप्रीमो डॉ. अजय चौटाला रविवार को जींद में एक कार्यकर्ता बैठक में पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में चौटाला ने कांग्रेस सांसद जयप्रकाश पर विवादित टिप्पणी की और कहा, “जेपी किसकी पैदाइश हैं, पहले ये बताएं।” बता दें कि इससे पहले जयप्रकाश ने कहा था कि जेजेपी बीजेपी की ‘B टीम’ है।
चौटाला ने बीजेपी सरकार की लाडली योजना पर भी तंज कसा और इसे लोगों की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि योजना 1 नवंबर से शुरू करने की बात कही जा रही है, लेकिन अभी यह संशय है कि सरकार वास्तव में लाभ देगी या नहीं।
उन्होंने जींद को पार्टी की नई शुरुआत की भूमि बताया और कहा कि जल्द ही जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनेलो की रैली पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर पार्टी को काम करने का अधिकार है।
चौटाला परिवार की एकजुटता पर उन्होंने कहा कि रणजीत चौटाला बड़े हैं, और यदि वे प्रयास करेंगे तो परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।