अमृतसर । फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ डीसीएम परमदीप सिंह सैनी की अगुवाई में एक बार फिर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान अजमेर-अमृतसर एक्सप्रेस (19611) और अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट जन सेवा एक्सप्रेस (14618) में किया गया।
अभियान में वरिष्ठ डीसीएम सैनी के साथ वाणिज्य निरीक्षक नितेश, टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ के दो जवान शामिल थे। इस दौरान बिना टिकट या अनियमित यात्रा कर रहे 62 यात्रियों से कुल 32,000 रुपये जुर्माना वसूल किए गए।
सैनी ने गाड़ी संख्या 19611 के साइड पैंट्री कार में आकस्मिक निरीक्षण किया, जहाँ कुछ निषिद्ध डिब्बाबंद खाद्य पदार्थ पाए गए। इसके अलावा तीन अनधिकृत वेंडर्स भी पकड़े गए और उन्हें आरपीएफ के हवाले किया गया।
विशेष अवसर राधा स्वामी सत्संग ब्यास भंडारा को ध्यान में रखते हुए, यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन संख्या 04612 (ब्यास से लुधियाना तक) और विशेष ट्रेन संख्या 04680 (ब्यास से फिरोजपुर कैंट तक) चलाई गई, जो पूरी तरह से यात्रियों से भरी हुई चली।