कुरुक्षेत्र, 5 अक्टूबर
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अव्यवस्था और छात्रों की समस्याओं को लेकर ASAP छात्र संगठन ने आज एक प्रेस वार्ता आयोजित की। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है।
संगठन के कुवि अध्यक्ष भारत बराड़ ने कहा कि री-इवैल्यूएशन के परिणाम दो से तीन महीने की देरी से जारी किए जाते हैं। इससे कई बार छात्र पुनः परीक्षा देने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे उन पर मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ता है। उन्होंने मांग की कि री-इवैल्यूएशन परिणाम 15–20 दिनों में जारी किए जाएं।भारत बराड़ ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय हर साल फीस बढ़ाकर छात्रों पर बोझ डाल रहा है।स्पेशल री-इवैल्यूएशन फीस 1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये करना एक तुगलकी फैसला है, जिसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।संगठन ने विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर तीसरे दिन छात्रों के बीच झगड़े या मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। सवाल यह है कि कैंपस में हथियार कैसे पहुँच रहे हैं? संगठन ने मांग की कि बिना स्टिकर किसी वाहन को परिसर में प्रवेश की अनुमति न दी जाए और सुरक्षा बढ़ाई जाए।
भारत बराड़ ने कहा कि प्राइवेट बसों में महिला विद्यार्थियों के साथ ड्राइवर और कंडक्टर द्वारा बदसलूकी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हिसार कोर्ट के आदेश के बावजूद सरकारी पास मान्य नहीं किए जा रहे। उन्होंने मांग की कि प्राइवेट बसों में पास लागू किए जाएं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
संगठन ने यह भी कहा कि जब दिल्ली और चंडीगढ़ में छात्र संघ चुनाव हो सकते हैं, तो हरियाणा में क्यों नहीं?ASAP का कहना है कि छात्र संघ चुनाव बहाल होने से विद्यार्थी अपनी आवाज़ मजबूती से उठा सकेंगे। संगठन ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह छात्रों के जागरूक होने से डरती है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में मांगें नहीं मानी गईं, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और शासन की होगी।