Shimla, 5 October
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए एक अहम पहल की है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने निर्देश दिए हैं कि 9 अक्तूबर, 2025 को जिला हमीरपुर स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक में विशेष ओवरसीज भर्ती ड्राइव आयोजित की जाए।
यह भर्ती अभियान हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (HPSEDC) के सहयोग से श्रम एवं रोजगार विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग और भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा पंजीकृत भर्ती एजेंसी के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस ड्राइव के तहत तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में विदेशों में रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।विदेश मंत्रालय और पंजीकृत एजेंसी के माध्यम से योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जिससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे। पंजीकरण, पात्रता मानदंड और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी रोजगार कार्यालयों, उनकी सोशल मीडिया पेजों और HPSEDC की वेबसाइट पर शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएगी।