करनाल, 5 अक्टूबर
हरियाणा यूथ कांग्रेस ने रविवार को करनाल से “वोट चोरी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान” की शुरुआत की। प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र की रक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम है।
कटारिया ने बताया — “हम पूरे प्रदेश में करोड़ों लोगों के हस्ताक्षर जुटाकर वोटर लिस्ट की सच्चाई आयोग के सामने रखेंगे। कई जिलों में ऐसी गड़बड़ियां सामने आई हैं, जहां मकान नंबर ‘जीरो’ हैं और 100 साल से ऊपर के वोटर दर्ज हैं।”
फर्जी वोटरों और डुप्लीकेट एंट्री पर सवाल
कटारिया ने कहा कि करनाल जिले में ऐसे कई मामले मिले हैं, जहां एक ही व्यक्ति का नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज है। उन्होंने कहा — “यह सिर्फ तकनीकी गलती नहीं, बल्कि लोकतंत्र के साथ की गई साजिश है। कांग्रेस जल्द ही निर्वाचन आयोग को विस्तृत शिकायत सौंपेगी।”
बीजेपी पर निशाना साधा
यूथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा — “जब भी वोट चोरी की बात होती है, बीजेपी चुप्पी साध लेती है। वे कांग्रेस से एफिडेविट मांगते हैं, लेकिन फोटो सहित वोटर लिस्ट सार्वजनिक नहीं करते। अगर सब सही है, तो पारदर्शिता से डर क्यों?”
कटारिया ने कहा कि आरटीआई के ज़रिए भी जानकारी नहीं दी जाती, जिससे साफ है कि बीजेपी कुछ छिपाना चाहती है।
युवाओं के बीच जागरूकता अभियान
कटारिया ने बताया कि कांग्रेस अब पूरे प्रदेश में “युवा चौपाल” आयोजित करेगी। इस पहल के ज़रिए युवाओं को मतदाता सूची की पारदर्शिता, वोट के अधिकार और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के बारे में जागरूक किया जाएगा।उन्होंने कहा — “बीजेपी ने हरियाणा में मेंडेट ही नहीं, युवाओं का भविष्य भी छीना है। अब यह लड़ाई सड़कों से लेकर आयोग तक चलेगी।”
5 करोड़ हस्ताक्षरों का लक्ष्य
कटारिया ने कहा कि पिछले चरण में कांग्रेस ने 2 लाख हस्ताक्षर जुटाए थे, जबकि इस बार 5 करोड़ हस्ताक्षरों का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने कहा — “यह सिर्फ अभियान नहीं, जनता का जनमत है। हर सच्चे वोटर की आवाज़ अब कांग्रेस बनेगी।”
लोकतंत्र की रक्षा की जंग
करनाल से शुरू हुआ यह “हस्ताक्षर अभियान” अब पूरे हरियाणा में फैलाया जाएगा।कटारिया ने कहा — “हर वोट की कीमत है, और हर वोट का हक़ सच्चे नागरिक को मिलना चाहिए। यूथ कांग्रेस इस दिशा में हर स्तर पर संघर्ष करेगी।