Shimla, 9 October
दीवाली से पहले हिमाचल प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों, दिहाड़ीदारों और विभिन्न श्रेणियों के मानदेयधारकों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कई वर्गों के मानदेय और दिहाड़ी में वृद्धि की घोषणा की है, जिससे हजारों कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 21,115 मिड-डे मील वर्करों का मानदेय ₹500 बढ़ाकर ₹5000 किया गया है। इसी तरह 877 एसएमसी सी एंड वी शिक्षकों का मानदेय ₹15,509 से बढ़ाकर ₹16,009, 833 एसएमसी लेक्चरर और डीपीई का मानदेय ₹500 बढ़ाकर ₹19,378, 491 एसएमसी टीजीटी शिक्षकों का मानदेय ₹500 बढ़ाकर ₹19,378, 62 एसएमसी जेबीटी शिक्षकों का ₹13,762 और 31 वाटर कैरियर का ₹500 बढ़ाकर ₹5,500 किया गया है।
दिहाड़ीदारों और पार्ट-टाइम वर्करों की दिहाड़ी ₹25 बढ़ाकर ₹425 कर दी गई है। सिलाई अध्यापिकाओं, पंचायत चौकीदारों, राजस्व चौकीदारों और लंबरदारों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है — पंचायत चौकीदारों को ₹8,500, राजस्व चौकीदारों को ₹6,300 और लंबरदारों को ₹4,500 मासिक मानदेय मिलेगा।
स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के मानदेय में भी वृद्धि की गई है।
- जिला परिषद अध्यक्ष का मानदेय ₹25,000, उपाध्यक्ष का ₹19,000 और सदस्य का ₹8,300 किया गया है।
- पंचायत समिति अध्यक्ष का मानदेय ₹12,000, उपाध्यक्ष का ₹9,000 और सदस्य का ₹7,500 तय हुआ है।
- ग्राम पंचायत प्रधान का मानदेय ₹7,500, उपप्रधान का ₹5,100 और सदस्य का ₹2,100 किया गया है।
शहरी निकायों में भी मानदेय बढ़ाया गया है —
- नगर निगम मेयर को ₹25,000, डिप्टी मेयर को ₹19,000 और पार्षदों को ₹9,400 प्रतिमाह मिलेंगे।
- नगर परिषद अध्यक्ष का मानदेय ₹10,800, उपाध्यक्ष का ₹8,900 और पार्षदों का ₹4,500 किया गया है।
- नगर पंचायत प्रधान का मानदेय ₹9,000, उपप्रधान का ₹7,000 और सदस्यों का ₹4,500 होगा।
इसके साथ ही, स्पेशल पुलिस ऑफिसरों के मानदेय में ₹300 की वृद्धि की गई है। आउटसोर्स कर्मचारियों का मासिक मानदेय ₹12,750 कर दिया गया है, जबकि आईटी अध्यापकों के मानदेय में ₹500 की वृद्धि की गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और समय-समय पर राहत उपाय जारी रखेगी।