मंडी | श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक की स्टूडेंट्स क्लचरल एसोसिएशन द्वारा 7वां वार्षिक समारोह 14 से 16 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। आइरिस के नाम से आयोजित होने वाले इस समारोह में प्रदेश के 6 मेडिकल कालेजों सहित एम्स बिलासपुर और दूसरे राज्यों के मेडिकल कालेजों के स्टूडेंट्स भी भाग लेकर अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाएंगे। इस बार इस समारोह को बालीवुड थीम पर आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी मेडिकल कालेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डा. राजेश कपूर ने आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मेडिकल कालेज से 30 से 40 स्टूडेंट्स के आने का कार्यक्रम है। इसमें खेलकूद गतिविधियों के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन मुख्य आकषर्ण का केंद्र रहेगा। सारा इवेंट बालीवुड थीम पर होगा जिसमें मेडिकल स्टूडेंट्स अपनी प्रस्तुतियां देंगे। डा. राजेश ने कहा कि मेडिकल प्रोफेशन और एजुकेशन में काफी स्ट्रेस का माहौल रहता है। ऐसे में इस आयोजन से इसी स्ट्रेस को कम करने का प्रयास किया जाता है।
डा. राजेश कुमार, कार्यवाहक, प्रधानाचार्य, एसएलबीएसएमसी
डा. राजेश ने बताया कि इस आयोजन में जो भी मेडिकल कॉलेज भाग लेंगे उनके द्वारा एक निर्धारित धनराशि आयोजन समिति को दी जाती है। इस बार इस इवेंट से जो भी धनराशि एकत्रित होगी उसे आपदा प्रभावितों के लिए समर्पित करते हुए सीएम रिलिफ फंड में दान किया जाएगा। बावजूद इसके जो भी प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे उन्हें दो लाख तक के नकद ईनाम भी बांटे जाएंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के तम्बाकू मुक्त भारत को लेकर एक मैराथन का आयोजन भी किया जाएगा।
डा. राजेश कुमार, कार्यवाहक प्रधानाचार्य, मेडिकल कालेज नेरचौक
इस मौके पर एमएएमसीओटी के अध्यक्ष डा. गुलेरिया, मीडिया सचिव डा. दुर्गेश ठाकुर, डा. प्रदीप कश्यप और डा. मीना भी मौजूद रही।