Ambala, 12 October
साल का सबसे बड़ा त्योहार दिवाली नज़दीक है, ऐसे में आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए अंबाला कैंट फायर स्टेशन ने पूरी तैयारी कर ली है। बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए छोटी फायर गाड़ियां भी तैनात की गई हैं। जिले में कुल 34 गाड़ियां हैं, वहीं दिवाली पर किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर विभाग के सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही फायर डिपार्टमेंट ने अलर्ट मोड अपना लिया है। दीपावली के दौरान पटाखों और दीयों की वजह से आग लगने की घटनाएं अक्सर बढ़ जाती हैं। ऐसे में अंबाला फायर विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए पूरी तैयारी कर ली है।फायर अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि जिले में कुल 34 फायर गाड़ियां हैं, जिनमें से 12 अंबाला कैंट में और बाकी नारायणगढ़ व शहर क्षेत्र में तैनात हैं। भीड़भाड़ वाले बाजारों के लिए छोटी फायर गाड़ियां भी लगाई गई हैं, ताकि किसी घटना के समय त्वरित कार्रवाई हो सके। विभाग ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।