Mandi, Dharamveer
हिमाचल प्रदेश में अब मान्यता प्राप्त खेलों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है। प्रदेश सरकार ने हाल ही में 19 नए खेलों को सरकारी मान्यता प्रदान की है। इस बारे में जानकारी धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह के दौरान दी।
विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने दी जानकारी
विधायक ठाकुर ने कहा कि अब खिलाड़ियों को अपने खेल की मान्यता के लिए किसी अधिकारी या नेता के पास जाने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास को लेकर गंभीर है और खिलाड़ियों के लिए डाइट मनी में बढ़ोतरी के साथ-साथ हवाई यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध करवा रही है। जो खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं, उन्हें अब ट्रेन और हवाई जहाज से बेहतर सुविधाओं के साथ भेजा जा रहा है।उन्होंने आगे कहा कि शिक्षकों को स्कूलों की मॉर्निंग असेंबली में बच्चों को जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करना चाहिए। हाल ही में प्रदेश ने आपदा का जो दंश झेला है, वह जलवायु परिवर्तन का परिणाम है। ऐसे में बच्चों को इस विषय में शिक्षित करना बेहद जरूरी है ताकि वे भविष्य में इससे निपटने के लिए तैयार रहें।
इस मौके पर विधायक ठाकुर ने बॉयज स्कूल मंडी में बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण के लिए दस लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने मार्च पास्ट और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। यह प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी, जिसके बाद यहां से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।