Ambala, 26 August
अंबाला के मुलाना थाना क्षेत्र में दो साल से लापता 13 वर्षीय माही और एक महीने पहले गुम हुई महिला के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना मुलाना पुलिस ने आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों ने थाना परिसर में हंगामा कर इंसाफ की गुहार लगाई। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने माही की हत्या कर दी है और अब वे उसके लिए सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मुलाना थाना पुलिस ने उस आरोपी को गिरफ्तार किया है जो एक महीने पहले एक महिला को अपने साथ भगा कर ले गया था। जांच में सामने आया कि यही आरोपी करीब दो साल पहले 13 वर्षीय माही को भी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था, जो अब तक लापता है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद माही और महिला दोनों के परिजन थाना पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भीम आर्मी के सदस्य भी परिजनों के समर्थन में मौजूद रहे।शिकायतकर्ता ने बताया कि लगभग एक महीने पहले उसकी पत्नी को आरोपी लेकर चला गया था, जिसे पुलिस ने काफी तलाश के बाद बरामद कर लिया। इस दौरान उन्हें माही के परिजन मिले, जिनसे पता चला कि आरोपी पहले भी इसी तरह एक नाबालिका को ले गया था। परिजनों को संदेह है कि आरोपी ने माही की हत्या कर दी है और अब वे मामले में सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।
थाना मुलाना प्रभारी ने बताया कि गुमशुदगी के मामले में आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे गहनता से पूछताछ की जा सके और दोनों मामलों की सच्चाई सामने लाई जा सके।