जींद । हरियाणा में अपराध और रंगदारी के बढ़ते मामलों के बीच जींद से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कांग्रेस नेता और अस्पताल संचालक डॉ. अशोक मलिक को कथित तौर पर कुख्यात रोहित गोदारा गैंग की ओर से 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई है।
मलिक के अनुसार, उन्हें व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें तय रकम न देने पर जान से मारने की चेतावनी दी गई थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद जींद पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा मुहैया कराई है।
डॉ. मलिक ने कहा कि यह घटना राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार अपराध नियंत्रण में नाकाम रही है और अपराधी अब खुलेआम धमकियां देने से भी नहीं डर रहे हैं।