नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस खाई में गिर गई, जिससे दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 यात्री घायल हो गए। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि यह हादसा सिमरोल थाना क्षेत्र के भेरू घाट पर हुआ। उन्होंने कहा, “दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतक बस के आगे बैठे हुए थे, जिनकी पहचान की जा रही है।”
भूटिया ने बताया कि बस में फंसे 38 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस बीच, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक व्यक्ति ने दावा किया है कि बस चालक नशे की हालत में था, और उसकी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।