गुरुग्राम | डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र के ग्वाल पहाड़ी इलाके में सड़क किनारे रेहड़ी लगाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के दुकानदार पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 5 बजे की है। बताया गया कि ग्वाल पहाड़ी निवासी धनराज और जयप्रकाश के परिवारों के बीच पिछले कई दिनों से किराया वसूलने को लेकर तनातनी चल रही थी। इसी विवाद के चलते रविवार को जयप्रकाश के बेटे प्रशांत, निशांत, आशीष, दीपक और पियूष अपने अन्य साथियों के साथ धनराज की दुकान पर पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपी हरेंद्र ने धनराज को पिस्टल से गोली मारी, जो उसके हाथ में लगी। इसके बाद सतबीर नामक आरोपी ने अपनी स्कॉर्पियो कार से धनराज को कुचलने की कोशिश की और फिर मौके से फरार हो गए। इस झगड़े में धनराज के दादा जगदीश को भी चोटें आईं।
सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को मेरिंगो एशिया अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से एक बांस का डंडा, कारतूस और एक खाली खोल बरामद किया है।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों पक्ष एक ही परिवार से हैं और पुश्तैनी जमीन पर रेहड़ी लगाने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी सतबीर को ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।