हिसार। हिसार पुलिस की एबीवीटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्क्रैप व्यापारी से लूट की झूठी सूचना का खुलासा कर दिया। जांच में स्पष्ट हुआ कि किसी प्रकार की लूट या वारदात नहीं हुई थी।
टीम प्रभारी उप-निरीक्षक धर्मवीर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव नंगथला के पास एक स्क्रैप व्यापारी से लूट हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि बरवाला निवासी दीपक पुत्र सूरजभान, जो स्क्रैप का व्यापारी है, सिरसा से स्क्रैप बिक्री के लगभग ₹31 लाख लेकर हिसार लौट रहा था। रास्ते में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे परिवारजन उससे संपर्क नहीं कर पाए और लूट की आशंका जताई गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए व्यापारी दीपक को सुरक्षित बरामद कर लिया। उसकी जान-माल पूरी तरह सुरक्षित पाई गई और लूट की कोई घटना नहीं हुई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हिसार पुलिस हर आपात सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया देती है। लोगों से अपील है कि अफवाहें फैलाने या अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचें, और किसी भी घटना की पुष्टि केवल पुलिस के माध्यम से ही करें।