शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान को एक नया आयाम देते हुए हस्ताक्षरित प्रतियों को दिल्ली AICC मुख्यालय के लिए रवाना किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस भवन शिमला से प्रतियों से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कांग्रेस के अनुसार, इस अभियान के तहत राज्य में 1.43 लाख लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं, जबकि लक्ष्य एक लाख का रखा गया था। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता की आवाज है। उन्होंने बताया कि हस्ताक्षरित प्रतियां दिल्ली AICC के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजी जाएंगी, ताकि यह संदेश दिया जा सके कि भाजपा चुनावों में धांधली कर लोकतंत्र की मूल भावना को आहत कर रही है।
प्रतिभा सिंह ने साथ ही कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है, जिससे जनता के भरोसे और विपक्ष की एकजुटता को नई ताकत मिलेगी।