चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस अब पूरी तरह सक्रिय हो गई है। इसी सिलसिले में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने 9 नवंबर को शाम 3 बजे एआईसीसी मुख्यालय, इंदिरा गांधी भवन (नई दिल्ली) में एक अहम बैठक बुलाई है।
इस बैठक में हरियाणा मामलों के प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, एआईसीसी सचिव सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल और प्रफुल्ल गुडधे विशेष रूप से शामिल होंगे।
बैठक में राहुल गांधी द्वारा हाल ही में उठाए गए चुनावी गड़बड़ियों के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी और पार्टी की आगामी रणनीति तय की जाएगी।
प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सभी पूर्व सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों, एआईसीसी सदस्यों और अग्रणी संगठनों के प्रतिनिधियों से समय पर बैठक में पहुंचने का आग्रह किया है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 5 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से हुई कथित धांधलियों का खुलासा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया था।