मंडी। छोटी काशी मंडी में इन दिनों मांडव्य उत्सव का रंग चढ़ा हुआ है। पिछले वर्ष केवल एक दिन के आयोजन से शुरुआत करने वाला यह उत्सव अब पांच दिवसीय महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। पड्डल मैदान में सजे इस भव्य मेले में हर आयु वर्ग के लोग उत्साह के साथ शामिल हो रहे हैं।
मेले में खरीदारी से लेकर स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद, बच्चों के झूले और शाम को होने वाली सांस्कृतिक संध्याएं लोगों को खूब लुभा रही हैं। पूरा मैदान रोशनी और रौनक से जगमगा रहा है।
नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि शहरवासियों की मांग पर यह उत्सव आयोजित किया जा रहा है, जो मांडव्य ऋषि और मांडवशिला से जुड़ी धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान देने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इस उत्सव को और भव्य स्वरूप देने की योजना है, ताकि लोग यहां की परंपराओं और संस्कृति से और गहराई से जुड़ सकें।
मेयर वीरेंद्र भट्ट ने कहा – “मांडव्य उत्सव न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि यह छोटी काशी की पहचान भी है। नगर निगम इसे हर साल और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
स्थानीय नागरिकों ने भी नगर निगम के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन शहर की पहचान को नई ऊंचाइयां देते हैं। लोगों का कहना है कि यह एक बेहतरीन पहल है और इसे आगे भी इसी तरह जारी रहना चाहिए।