Hamirpur, Arvind
हमीरपुर जिला के सासन क्षेत्र में 45 वर्षीय महिला के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-103 पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। पीड़िता ने शनिवार देर रात पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया, जिसके बाद रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर लाने और सख्त सजा देने की मांग उठाई। हाईवे पर सैकड़ों लोग एकत्रित होकर न्याय की गुहार लगाने लगे। इस दौरान ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो गया और स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
3 नवंबर को हुई थी वारदात
जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को सासन निवासी रंजना कुमारी (43) दोपहर बाद अपने खेतों में घास काटने गई थी। इसी दौरान एक नाबालिग युवक ने गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ शुरू की और विरोध करने पर दराटी और डंडे से बेरहमी से हमला कर दिया।गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया बाल सुधार गृह
पुलिस ने इस घटना के बाद आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि जब तक आरोपी को मौके पर लाकर कार्रवाई नहीं की जाती, वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन लोग “न्याय दो” के नारे लगाते हुए धरने पर डटे हुए रहे।
पुलिस प्रशासन की अपील
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून अपना काम करेगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।