करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज अनीश भानवाला ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। मिस्र (Egypt) में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अनीश ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल (सिंगल्स) स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। यह इस इवेंट में भारत का पहला पदक है।
अनीश के इस प्रदर्शन ने न केवल देश का गौरव बढ़ाया, बल्कि उन्होंने आगामी वर्ल्ड कप फाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
परिवार के अनुसार, अनीश का मुकाबला बेहद कड़ा था, लेकिन उन्होंने अपने अनुभव, एकाग्रता और सटीक निशानेबाजी के दम पर शानदार वापसी करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
इससे पहले भी अनीश एशियन चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश को कई मेडल दिला चुके हैं।
अनीश ने कहा कि पेरिस ओलंपिक में किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया था, लेकिन अब उनका लक्ष्य आने वाले टूर्नामेंट्स में स्वर्ण पदक जीतने का है।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे करनाल और देशभर में खुशी की लहर है। अनीश के माता-पिता, दादी और कोच ने इस सफलता को उनकी लगन और अनुशासन का परिणाम बताया है।