चंडीगढ़ | दिल्ली में हुए धमाके के बाद हरियाणा की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फरीदाबाद में विस्फोटक सामग्री रखने वालों के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का काम तेजी से जारी है।
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में मिले संदिग्ध विस्फोटक की जांच में पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। अब तक कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास चल रहा है।
मुख्यमंत्री सैनी मंगलवार को पिंजौर में आयोजित श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा— “हरियाणा पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। जो भी लोग इस साजिश में शामिल हैं, उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।”
इसके साथ ही, बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास कार्यों से जनता संतुष्ट है, और एनडीए गठबंधन की सरकार दोबारा सत्ता में आएगी।”